सरकार के कामों का संदेश राजनीतिक कार्यकर्ता बनकर जन-जन तक पहुंचाना है : राम माधव
कुछ लोग युवाओं को उम्र में बांटने का षड्यंत्र रच रहे हैं : बांसुरी स्वराज
शहर से गांव तक उत्तराखंड के विकास मॉडल की चर्चा होनी चाहिए : भट्ट
देहरादून, 2 अक्टूबर 2026। भाजपा की प्रदेश संगठनात्मक बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि मोदी और धामी सरकार में अभूतपूर्व विकास हुआ है। अब राजनीतिक कार्यकर्ता बनकर सरकार के कामों का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। आगामी चुनाव में एब्सोल्यूट नहीं, बल्कि हाईएस्ट मेजोरिटी यानी 60 पार के लक्ष्य के लिए काम करना होगा।



सह प्रभारी एवं सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि कुछ लोग धर्म, क्षेत्र, जाति और भाषा के बाद अब युवाओं को उम्र में बांटने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों का राजनीतिक रूप से जवाब देना जरूरी है।
प्रदेश मुख्यालय पहुंचने पर राम माधव, अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, मंत्रियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और सह प्रभारियों का परिचय कराया गया।
राम माधव ने कहा कि साढ़े चार वर्ष में संगठन को मजबूत किया गया है। अब राजनीतिक कार्यकर्ता की भूमिका में सरकार के विकास और जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाना है। साथ ही विपक्ष की कमजोरियों और नकारात्मक मंशा को भी उजागर करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को लगातार तीसरी बार जीतने वाले राज्यों की सूची में उत्तराखंड को भी शामिल करना है।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड लेकर चुनाव में जाना है। प्रदेश की जनता भाजपा को तीसरी बार आशीर्वाद देने के लिए तैयार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत कार्यकर्ता है। संगठन के कार्यों की राजनीतिक परीक्षा का समय आ गया है। बूथ स्तर तक प्रदेश के निर्णय पहुंचाने और जनता की समस्याओं का समाधान करने पर ध्यान देना होगा। शहर से गांव तक उत्तराखंड के विकास मॉडल की चर्चा होनी चाहिए।
प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि चुनाव में जीत के लिए ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ और ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ के मंत्र पर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि 2027 में बहुमत हासिल करना तय है, लेकिन मेहनत से साधारण बहुमत को बड़ी जीत में बदलना होगा।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने 14 सितंबर 2025 से अब तक हुए संगठनात्मक कार्यक्रमों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें बूथ सशक्तीकरण, सेवा संकल्प अभियान, युवा संवाद, लखपति दीदी और लाभार्थी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल के संचालन में हुई बैठक में राज्य आंदोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, मंत्री, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और सह प्रभारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति की जानकारी भी साझा की गई।
