15-20 साल सेवा देने वाले कर्मचारियों को बिना नोटिस हटाना तानाशाही और अमानवीय व्यवहार।
देहरादून 23 नवंबर 2026। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने सोमवार को परेड ग्राउंड में आउटसोर्स कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के धरने में पहुंचकर कर्मचारियों को अपना समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उनकी मांगों को जायज बताया।
धरनारत कर्मचारियों को संबोधित करते हुए हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में आउटसोर्स कर्मचारी नियमित कर्मचारियों की तरह ही पूरी मेहनत और लगन से काम कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सरकार उन्हें उनका उचित सम्मान और अधिकार नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि कम मानदेय और विपरीत परिस्थितियों में काम करने वाले इन कर्मचारियों का प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है।
हरक सिंह रावत ने आरोप लगाया कि 15 से 20 साल तक सेवाएं देने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों को बिना किसी कारण और नोटिस के नौकरी से हटाया जा रहा है। यह सरकार का तानाशाही और अमानवीय रवैया है। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों के भी परिवार और बच्चे हैं। लगातार बढ़ती महंगाई और शिक्षा के खर्च के बीच कम मानदेय में परिवार चलाना उनके लिए बड़ी चुनौती है।
उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों की समान कार्य के लिए समान वेतन और अन्य कर्मचारियों की तरह व्यवहार किए जाने की मांग पूरी तरह जायज है। सरकार उपनल की तर्ज पर आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए अलग कॉरपोरेशन बनाकर उनका समायोजन कर सकती है और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकाल सकती है।
हरक सिंह रावत ने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पहले भी उपनल कर्मचारियों के आंदोलन में उनके साथ खड़ी रही है। विपक्ष और कर्मचारियों के दबाव में सरकार को उनकी मांगों पर कदम उठाने पड़े, हालांकि अभी भी उनकी कुछ समस्याओं का समाधान होना बाकी है।
उन्होंने आउटसोर्स कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी उनकी लड़ाई में पूरी तरह साथ है। यदि भाजपा सरकार उनकी मांगों का समाधान नहीं करती है तो सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करेगी।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री विनोद चौहान, वरिष्ठ नेता विजय चौहान, दीप बोरा और कांग्रेस नेता संजय कनौजिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
