चंचल कुमार बोले- अन्य राज्यों की तुलना में उत्तराखंड की फिल्म नीति सबसे बेहतरीन, शूटिंग लोकेशंस की भी तारीफ।
गोवा, 21 नवंबर 2026। गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के तहत WAVES Film Bazaar-2026 में उत्तराखंड पवेलियन देशी-विदेशी फिल्मकारों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पवेलियन में बड़ी संख्या में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्देशक, निर्माता और फिल्म उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि पहुंचकर प्रदेश में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं और सरकार की फिल्म नीति में रुचि दिखा रहे हैं।
इसी क्रम में भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने उत्तराखंड पवेलियन का निरीक्षण किया। उन्होंने उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 की सराहना करते हुए इसे देश के अन्य राज्यों की तुलना में बेहतरीन बताया। साथ ही प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य और फिल्म शूटिंग के लिए उपलब्ध आकर्षक लोकेशंस की भी प्रशंसा की। उन्होंने फिल्मकारों को सुविधाएं उपलब्ध कराने और फिल्म शूटिंग को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों को सराहनीय बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार फिल्म नीति-2024 को WAVES Film Bazaar में पहुंच रहे फिल्म जगत के प्रतिनिधियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। पवेलियन में फिल्म नीति के प्रावधानों, शूटिंग सुविधाओं और सरकार की ओर से दिए जा रहे प्रोत्साहनों को लेकर फिल्मकार खासा उत्साह दिखा रहे हैं।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने कहा कि IFFI-2026 में पवेलियन को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया प्रदेश के लिए उत्साहजनक है। देश-विदेश के फिल्मकारों की बढ़ती रुचि से उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं को नए आयाम मिलेंगे। परिषद का उद्देश्य प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इसके साथ ही फिल्म पर्यटन के माध्यम से स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना भी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी के.एस. चौहान और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पाण्डेय मौजूद रहे।

