देहरादून, 16 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर केदारपुरम स्थित राजकीय शिशु सदन में बच्चों के साथ जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बच्चों के साथ केक काटकर मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाया। बच्चों ने मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए उनके दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा दिखाई। मंत्री रेखा आर्या ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी बच्चों के लिए ‘मामा’ और वह स्वयं ‘बुआ’ के रूप में उनके साथ खड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों के बेहतर भविष्य, सर्वांगीण विकास और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत पात्र बच्चों को 21 वर्ष की आयु तक प्रतिमाह 3,000 रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 1,500 रुपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति दी जाती है।
मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि संसाधनों के अभाव में कोई भी बच्चा अपने सपनों से वंचित न रहे। बच्चों को शिक्षा, पोषण, सुरक्षा और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में सचिव चंद्रेश यादव, निदेशक बंशीलाल राणा, सीपीओ अंजना गुप्ता, डीपीओ मीना बिष्ट सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और राजकीय शिशु सदन के बच्चे मौजूद रहे।
