देहरादून, 16 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर अध्ययनरत बच्चों के साथ जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनसे आत्मीयता से संवाद कर खुशियां साझा कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं, उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके जन्मदिन का सबसे विशेष उपहार है।
इस अवसर पर गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे।











