देहरादून, 16 सितंबर 2026। युवा कल्याण, खेल एवं शिक्षा विभाग की ओर से मसूरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विधानसभा स्तरीय विधायक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट में किया। प्रतियोगिता में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में बेहतर अवसर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। खेल नीति-2021 के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान, प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग, पुरस्कार और रोजगार के अवसरों के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना और 14 से 23 वर्ष के खिलाड़ियों के लिए खिलाड़ी प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार तथा पात्र पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए आउट-ऑफ-टर्न सेवायोजन की व्यवस्था भी की गई है।
कैबिनेट मंत्री ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूनम नौटियाल, किरन, जगदीश रेगमी, युवा कल्याण, खेल एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

