10 दिन का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो हाईकोर्ट जाएगी कांग्रेस; गणेश जोशी, सहकारिता भर्तियों और एमबीबीएस दाखिलों की जांच का भी उठाया मुद्दा।
देहरादून, 5 नवंबर 2026। उत्तराखंड में सरकारी जमीनों और संपत्तियों के हस्तांतरण को लेकर कांग्रेस ने धामी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने सरकार पर राज्य की बेशकीमती जमीनों को औने-पौने दामों पर निजी हाथों में सौंपने का आरोप लगाते हुए ऐसे सभी निर्णयों को निरस्त करने और संपत्तियों को उनके मूल विभागों को वापस लौटाने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट मसूरी की 142 एकड़ भूमि को निजी कंपनी को 15 साल की लीज पर दिए जाने पर सवाल उठाए। कांग्रेस का आरोप है कि हजारों करोड़ रुपये बाजार मूल्य वाली इस ऐतिहासिक संपत्ति को महज एक करोड़ रुपये सालाना किराये पर दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता पर भी सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्च न्यायालय की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि 20 दिसंबर 2022 के कैबिनेट निर्णय के जरिए सरकारी जमीनों से जुड़े अंतिम फैसले का अधिकार मुख्यमंत्री स्तर पर केंद्रित कर दिया गया। पार्टी का कहना है कि इससे कैबिनेट की सामूहिक जिम्मेदारी और शासन की निर्धारित कार्यप्रणाली से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन हुआ है।
कांग्रेस ने यूआईआईडीबी अधिनियम-2023 के प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा कि सरकारी संपत्तियों के मुद्रीकरण और हस्तांतरण में संबंधित विभागों की सहमति तथा निर्धारित प्रक्रिया का पालन जरूरी है। इसके बावजूद कई संपत्तियों को मूल विभागों की सहमति के बिना हस्तांतरित किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। प्रतिनिधिमंडल ने पटवाडांगर, नगऊ, धनौल्टी, मगरा, आईडीपीएल ऋषिकेश, डाकपत्थर, रामगढ़, एचएमटी रानीबाग और माजरी ग्रांट समेत विभिन्न स्थानों की सरकारी जमीनों के हस्तांतरण पर भी सवाल उठाए।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ जमीनों का हस्तांतरण बिना स्पष्ट राजस्व अभिलेखों और पैमाइश के किया गया। वहीं, ऐतिहासिक भवनों, निरीक्षण भवनों और वन क्षेत्र से जुड़ी संपत्तियों को भी हस्तांतरण की प्रक्रिया में शामिल किया गया है। कांग्रेस ने यूआईआईडीबी के पटवाडांगर, अलकनंदा होटल हरिद्वार और ऋषिकेश निरीक्षण भवन से संबंधित तीनों टेंडर तत्काल निरस्त करने की मांग की। साथ ही यूआईआईडीबी और सिडकुल को दी गई सभी जमीनें मूल विभागों को लौटाने तथा लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवनों को पीपीपी मोड में देने की प्रक्रिया रोकने की मांग की।
सरकारी जमीनों के मुद्दे के अलावा कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के सामने तीन अन्य गंभीर मामलों को भी उठाया। इनमें कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में न्यायालय के निर्देशों के बावजूद कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया गया। कांग्रेस ने इस प्रकरण में आवश्यक वैधानिक अनुमति देकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
इसके अलावा कोरोना काल में सहकारिता विभाग की भर्तियों में कथित अनियमितताओं और अभ्यर्थियों से 20-20 लाख रुपये लेकर नौकरी दिए जाने के आरोपों की स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई। वहीं, एमबीबीएस दाखिलों में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के मामले की समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से इन सभी मामलों में हस्तक्षेप करते हुए सरकार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया। पार्टी ने सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में विवादित निर्णय निरस्त नहीं किए गए और सरकारी संपत्तियां उनके मूल विभागों को वापस नहीं लौटाई गईं, तो कांग्रेस राज्य की जनता की संपत्ति की रक्षा के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, विधायक मदन बिष्ट और फुरकान अहमद, पूर्व विधायक मनोज रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष सीपी सिंह और राजीव महर्षि, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, सुरेंद्र सिंह रांगड़ और राजेश चमोली सहित अन्य नेता शामिल रहे।
