देहरादून 5 नवंबर 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के अग्रणी सेनानी और जननायक स्वर्गीय रणजीत सिंह वर्मा के जीवन पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया। ‘रणजीत सिंह वर्मा : उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन की निर्णायक लड़ाई के एक जननायक’ नाम से प्रकाशित इस पुस्तक के जरिए राज्य निर्माण आंदोलन में उनके संघर्ष और योगदान को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय रणजीत सिंह वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण लाखों लोगों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। रणजीत सिंह वर्मा ने पृथक राज्य की मांग को बुलंद करने और आंदोलनकारियों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने उत्तराखण्ड संयुक्त संघर्ष समिति के देहरादून जिला अध्यक्ष के रूप में आंदोलन को नेतृत्व दिया और बंद, चक्का जाम, जेल भरो तथा रेल रोको जैसे आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक केवल एक जननायक की जीवनगाथा नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के संघर्ष और संकल्प का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इससे आने वाली पीढ़ियों को राज्य निर्माण के इतिहास और आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान की जानकारी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय रणजीत सिंह वर्मा दो बार विधायक रहे, लेकिन उन्होंने हमेशा राज्य निर्माण के संकल्प को प्राथमिकता दी। राज्य गठन के बाद उन्होंने चुनावी राजनीति से दूरी बनाकर सामाजिक कार्यों में अपना योगदान जारी रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित और समृद्ध उत्तराखण्ड का निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सरकार सुशासन, आत्मनिर्भरता, रोजगार के अवसर और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में लगातार काम कर रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुस्तक के लेखन और प्रकाशन से जुड़े वरिष्ठ साहित्यकार गंभीर सिंह पालनी और अजय वर्मा के प्रयासों की भी सराहना की।
