नई दिल्ली 20 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उत्तराखंड के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पर्वतीय राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित वित्तीय संसाधनों को देखते हुए केंद्र सरकार से कई परियोजनाओं में सहयोग एवं स्वीकृति देने का अनुरोध किया। वहीं, प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग पर प्रधानमंत्री का आभार जताया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की पारंपरिक लोककला और स्थानीय उत्पादों की पहचान से जुड़े उपहार प्रधानमंत्री को भेंट किए। इनमें मलारी की हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा, शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल शामिल रहे। इसके साथ ही हरिद्वार कुम्भ-2027 की आध्यात्मिक महत्ता को दर्शाती मां गंगा की प्रतिकृति भी भेंट की।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को ईएपी कैपिंग से छूट देने और चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए वित्तीय और तकनीकी सहयोग मांगा। कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे निर्माण की स्वीकृति का भी अनुरोध किया। इसके अलावा टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के प्रस्ताव पर भी प्रधानमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री ने आयुष मंत्रालय के प्रस्तावित तीन अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थानों में से एक की स्थापना ऊधमसिंह नगर के किच्छा में करने का अनुरोध किया। वहीं, देहरादून से हरिद्वार तक आरआरटीएस विस्तार के लिए फिजिबिलिटी स्टडी कराने तथा ऋषिकेश में यातायात दबाव कम करने के लिए बजरंग सेतु से बैरागी कैंप तक अंतर्देशीय जलमार्ग की संभावनाओं के अध्ययन में सहयोग मांगा।
मुख्यमंत्री ने कुम्भ-2027 के सफल आयोजन के लिए 500 करोड़ रुपये और एसएएससीआई के तहत करीब 9,500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने पर केंद्र सरकार का आभार जताया। इसके साथ ही आरडीएसएस योजना के तहत स्मार्ट मीटरिंग और विद्युत प्रणाली के सुदृढ़ीकरण के लिए 3,436.08 करोड़ रुपये, चम्पावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये तथा देहरादून रिंग रोड की करीब 1,200 करोड़ रुपये की परियोजना के अलाइनमेंट अनुमोदन पर भी धन्यवाद दिया।
बैठक में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, बेलकेदार, अंजनिसैंण, टिहरी, लोहाघाट और श्यामलाताल को आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चारधाम के गद्दी स्थलों से यात्रा शुरू करने और जीएमवीएन व केएमवीएन के पर्यटक आवास गृहों में 50 प्रतिशत छूट देने की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दी।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड का टर्नओवर 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अमेजन, ओएनडीसी, जियोमार्ट, बिग बास्केट और ब्लिंकिट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्थानीय उत्पादों की बिक्री की जा रही है। वहीं, एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स में छोटे राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड को पहला स्थान मिला है।
शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में 559 क्लस्टर विद्यालय चिह्नित किए गए हैं। भारत दर्शन शैक्षिक कार्यक्रम के तहत हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 379 विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संस्थानों का भ्रमण कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार विकसित उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने और प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।



