Writing
गंगा, हर की पैड़ी और सनातन परंपरा के प्रतीकों से सजा लोगो, ‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत से जन-जन तक पहुंचेगा कुंभ का संदेश।
हरिद्वार, 12 अक्टूबर 2026 । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में हरिद्वार कुंभ मेला-2027 के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। राज्य सरकार कुंभ के दिव्य एवं भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
कुंभ का आधिकारिक लोगो हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। इसमें मां गंगा, हर की पैड़ी, धनुष पुल, सूर्योदय, शिव प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को स्थान दिया गया है। लोगो के डिजाइन के लिए राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों से प्रविष्टियां मांगी गई थीं। सैकड़ों प्रविष्टियों में से हरिद्वार के जगजीतपुर निवासी मधु शर्मा के डिजाइन का चयन किया गया।
कुंभ की आधिकारिक वेबसाइट https://haridwarkumbh.uk.gov.in के माध्यम से श्रद्धालुओं और आमजन को आयोजन से जुड़ी प्रामाणिक जानकारियां उपलब्ध होंगी। वहीं, ‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत कुंभ के आगमन, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की आस्था को स्वर देगा। हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने गीत की रचना, गायन और संगीत तैयार किया है।
लोगो, वेबसाइट और गीत के माध्यम से कुंभ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा समेत अन्य मंत्री, मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर और मेला व जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे टीवी एंकर कॉपी में बदलें
खबर को और संक्षिप्त करें
लोकार्पण कार्यक्रम पर फोकस बढ़ाएं
