विज्ञान भारती के नीड मिशन की एजीएम में देशभर के वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और उद्योगपतियों ने लिया हिस्सा।
नोएडा, 12 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध विज्ञान भारती के आयाम नीड मिशन (NEED Mission) की वार्षिक साधारण बैठक (एजीएम) का आयोजन नोएडा में किया गया। बैठक में देशभर के प्रतिनिधियों, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने भाग लिया। बैठक में सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए इस वर्ष ‘नेट जीरो उत्सर्जन’ लक्ष्य को प्रमुख कार्यक्षेत्र बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नीड मिशन की चेयरपर्सन एवं उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर ने की। मुख्य अतिथि विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. शिव कुमार शर्मा और विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री प्रवीण रामदास रहे। बैठक में विभिन्न प्रांतों के प्रतिनिधियों ने अपने राज्यों में संचालित गतिविधियों और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की।
उत्तराखंड की ओर से मिशन के प्रांतीय संयोजक प्रोफेसर कमल पांडे और सह-संयोजक डॉ. सुनीता विद्यार्थी ने प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने प्रदेश में किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत करने के साथ भविष्य की गतिविधियों को लेकर सुझाव दिए। इस दौरान उत्तराखंड प्रांत के सचिव नरेंद्र सिंह के योगदान के लिए विशेष आभार भी व्यक्त किया गया।
