देहरादून, 28 सितंबर 2026। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने नंदा की चौकी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई और लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, बेबी किट एवं पोषण किट वितरित किए।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और किशोरियों के स्वास्थ्य को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं और किशोरियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और किशोरियों को विभिन्न किट देकर लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, लाभार्थी महिलाएं, किशोरियां और बच्चे मौजूद रहे।
