उत्तरकाशी और पिंडारी ग्लेशियर में फंसे 179 ट्रैकर्स-माउंटेनियर्स के रेस्क्यू की ली जानकारी
उत्तरकाशी में 40 ट्रैकर्स का सफल रेस्क्यू, शेष के लिए सुबह 6 बजे से फिर शुरू होगा अभियान
रेस्क्यू के लिए 8 हेलीकॉप्टर तैनात, हेली एंबुलेंस स्टैंडबाय पर
देहरादून 28 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली से लौटते ही सीधे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, आईटी पार्क पहुंचे और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे ट्रैकर्स-माउंटेनियर्स के रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से फंसे लोगों की लोकेशन, अब तक हुए रेस्क्यू और आगे की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी लोगों की सुरक्षित वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उत्तरकाशी और बागेश्वर के पिंडारी क्षेत्र में कुल 179 ट्रैकर्स-माउंटेनियर्स फंसे थे। इनमें उत्तरकाशी में 136 और पिंडारी क्षेत्र में 43 लोग शामिल हैं। उत्तरकाशी में 40 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि 40 लोगों ने फिलहाल रेस्क्यू से इनकार किया है। शेष लोगों के लिए सोमवार सुबह 6 बजे से अभियान फिर शुरू किया जाएगा।
रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए 8 हेलीकॉप्टर तैनात हैं और हेली एंबुलेंस को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। मुख्यमंत्री ने मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय से अभियान चलाने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा की भी समीक्षा
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। साथ ही चारधाम और प्रमुख धार्मिक-पर्यटन स्थलों पर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की स्थायी व्यवस्था के लिए दीर्घकालिक प्लान तैयार करने को कहा।मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ समेत सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।
