देहरादून, 24 सितंबर 2026। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को हाथीबड़कला स्थित कैंप कार्यालय में सैनिक कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को सैन्य धाम से जुड़े सभी लंबित कार्य अगले 15 दिनों में प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि सैन्य धाम प्रदेश के वीर सैनिकों, शहीदों और उनके परिजनों के सम्मान और गौरव का प्रतीक है। इसके लोकार्पण से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाएं।
उन्होंने बताया कि सैन्य धाम के लोकार्पण के अवसर पर प्रदेश के दोनों मंडलों से ‘सैन्य धाम यात्रा’ निकाली जाएगी। कुमाऊं मंडल की यात्रा पिथौरागढ़ के धारचूला और गढ़वाल मंडल की यात्रा माणा से शुरू होगी। दोनों यात्राएं विभिन्न पड़ावों से होते हुए सैन्य धाम पहुंचेंगी।
बैठक में मंत्री ने प्रदेश के सैनिक विश्राम गृहों के जीर्णोद्धार के लिए 15 करोड़ रुपये की अनुपूरक धनराशि उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को विश्राम गृहों के जीर्णोद्धार और आवश्यक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। सैन्य धाम के माध्यम से प्रदेश के वीर सैनिकों और शहीदों के त्याग, बलिदान और वीरगाथाओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
