बदरीनाथ 20 अगस्त 2026। बदरीनाथ धाम के टूरिस्ट अराइवल प्लाजा में भारतीय सेना और जिला प्रशासन चमोली के संयुक्त तत्वावधान में ऑपरेशन सद्भावना के तहत आयोजित दो दिवसीय ‘देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल-2026’ का रविवार को समापन हुआ। ‘हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ थीम पर आयोजित महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग कर सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेताओं को सम्मानित किया।









मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की आत्मा उसकी लोक संस्कृति में बसती है। लोक नृत्य, लोक गीत, परंपराएं और रीति-रिवाज प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और जड़ों से जोड़ने के साथ सीमांत क्षेत्रों के युवाओं को सेना में सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने महोत्सव में स्थानीय उत्पादों, महिला स्वयं सहायता समूहों, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को पर्यटन से जोड़कर सीमांत क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं। उन्होंने भारतीय सेना की सैन्य प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र के साथ संस्कृति और विरासत के संरक्षण के साथ विकास को गति दे रही है। सीमांत क्षेत्रों में सड़क, बिजली, दूरसंचार और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लोक भाषाओं, गीतों, नृत्यों, पारंपरिक वेशभूषा, मेलों और पर्वों का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए भारतीय सेना, जिला प्रशासन और आयोजकों को बधाई दी।
