बदरीनाथ, 20 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने आस्था पथ समेत अन्य निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ धाम की धार्मिक, आध्यात्मिक और पारंपरिक गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए। मास्टर प्लान के तहत विकसित सुविधाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही धाम की पारंपरिक पहचान और प्राकृतिक स्वरूप के संरक्षण पर भी ध्यान दिया जाएगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान के तत्वावधान में आयोजित ‘बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव’ में प्रतिभाग किया। महोत्सव में 150 से अधिक संत-साध्वी और 1200 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बदरीनाथ धाम भारत की सनातन चेतना और आध्यात्मिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। ऐसे आयोजनों से सनातन परंपराओं और जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
इस दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार समेत जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।









