देहरादून 2 सितंबर 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद प्रदेश में निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप शिक्षण संस्थानों के संचालन को लेकर प्रशासन की सख्ती जारी है। इसी क्रम में उधमसिंह नगर के बाजपुर परगना क्षेत्र में प्रशासन ने आज पांच और मदरसों को सील कर दिया।
कार्रवाई के तहत मदरसा गुलशन इस्लाम, कनोरा-बाजपुर, मदरसा जामिया हनकिया रजा उल उलूम, चकरपुर, मदरसा जामिया फातिमा जेहरा, जगन्नाथपुर-बाजपुर, मदरसा मोईनुल उलूम, केलखेड़ा और मदरसा हुज्जतुल इस्लाम, गुमसानी रोड-बाजपुर को सील किया गया।
प्रशासन के अनुसार संबंधित संस्थानों के संचालन में आवश्यक मान्यता, पंजीकरण और निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुपालन से जुड़े मामलों की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी शिक्षण संस्थान को नियमों की अनदेखी कर संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। विद्यार्थियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही सभी संस्थानों के लिए निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य है।
बाजपुर क्षेत्र में अन्य शिक्षण संस्थानों की भी जांच और निरीक्षण जारी है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर तथ्यों और जांच के आधार पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
