लोक गायिका मीना राणा और स्थानीय महिला संगीत मंडलियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गंगा-यमुना घाटी से पहुंचीं सैकड़ों महिलाएं
बड़कोट 26 अगस्त 2026। नगर पालिका बड़कोट में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की अगुवाई में रक्षाबंधन पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र की गंगा और यमुना घाटी सहित दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। महिलाओं ने मनवीर सिंह चौहान की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।











कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान स्थानीय महिला संगीत मंडलियों और लोक कलाकारों ने भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रसिद्ध लोक गायिका मीना राणा ने भी अपनी प्रस्तुति दी, जिस पर कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं और पुरुषों ने जमकर नृत्य किया।
रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी देखने को मिली। क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं के एकजुट होने से कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर मनवीर सिंह चौहान ने कार्यक्रम में पहुंचीं सभी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बहनों का यह प्रेम और स्नेह हिंदू संस्कृति एवं सनातन परंपरा की पहचान है। भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते और परंपरा को संजोए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का आशीर्वाद मिला तो भविष्य में यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर हजारों बहनों का यह संगम हमारी सनातन संस्कृति, परंपराओं और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकजुटता को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अतोल रावत, अनुपमा रावत, भाजपा जिला महामंत्री परशुराम जुगड़ी, मंडल अध्यक्ष अमित रावत, शैलेंद्र कोहली, हरिमोहन चंद, तरवीन सिंह राणा सहित भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय लोग और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन तरवीन सिंह राणा ने किया।
