ऋषिकेश के प्रसिद्ध राज्य आंदोलनकारी एवं वरिष्ठ आंदोलनकारी नेता वेद प्रकाश शर्मा के निधन पर चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय मुख्य संरक्षक एवं उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है।
धीरेंद्र प्रताप ने वेद प्रकाश शर्मा को उत्तराखंड राज्य आंदोलन का एक मूर्धन्य नेता बताते हुए कहा कि वह उत्तराखंड के गांधी इंद्रमणि बडोनी के सबसे विश्वस्त नवरत्नों में से एक थे। उन्होंने कहा कि इंद्रमणि बडोनी वेद प्रकाश शर्मा को बहुत सम्मान देते थे और उन्हें सदैव अपने साथ रखते थे।
उन्होंने कहा कि वेद प्रकाश शर्मा ने इंद्रमणि बडोनी के साथ मिलकर उत्तराखंड राज्य आंदोलन का योग्यतापूर्वक नेतृत्व किया। राज्य निर्माण के बाद भी वे प्रदेश के विकास की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से जुड़े रहे। इसके साथ ही उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के हितों के लिए लंबी लड़ाई लड़ी और आंदोलनकारियों को सुविधाएं दिलाने के लिए सरकार पर लगातार दबाव बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थता के कारण वेद प्रकाश शर्मा की आवाज कमजोर पड़ती जा रही थी। उनके निधन से राज्य आंदोलन को अपूरणीय क्षति हुई है।
उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारी वेद प्रकाश शर्मा के निधन से उत्तराखंड राज्य आंदोलन का एक सुनहरा चेहरा अस्त हो गया है। उनका योगदान सदैव स्मरण किया जाता रहेगा।
