‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में प्रदेश के कक्षा 11वीं और 12वीं के 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने विजन और सुझाव साझा किए। विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक सहित आठ प्रमुख विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और चमोली में शत-प्रतिशत विद्यार्थियों ने निबंध पोर्टल पर अपलोड किए। देहरादून में 63,666 में से 47,358 विद्यार्थियों ने भागीदारी की।
अब प्राप्त निबंधों का विशेषज्ञों की टीम के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मूल्यांकन किया जा रहा है। श्रेष्ठ 140 विचारों के परिणाम 16 सितंबर को घोषित होंगे। चयनित विद्यार्थियों को वरिष्ठ अधिकारियों और मुख्यमंत्री के साथ अपने विचार साझा करने का अवसर मिलेगा। उन्हें करियर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग सहित अन्य प्रोत्साहन भी दिए जाएंगे।
अभियान में शामिल प्रत्येक विद्यार्थी को डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के अच्छे और व्यावहारिक सुझावों को प्रदेश के विकास में स्थान दिया जाएगा और नई पीढ़ी को उत्तराखंड के विकास में सहभागी बनाया जाएगा।
