कोटद्वार, 21 अगस्त 2026। विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने डॉ. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में आयोजित दो दिवसीय “AI-Enabled Future-Ready Employability, Career & Research Development, and Institutional Process Excellence through Lean Six Sigma” कार्यशाला के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कार्यशाला के दूसरे दिन प्रतिभागियों को समस्या समाधान, गुणवत्ता प्रबंधन, प्रक्रिया सुधार और संस्थागत कार्यक्षमता बढ़ाने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। इंटरनेशनल प्रोसेस एक्सीलेंस काउंसिल के रिसोर्स पर्सन श्री दीपक द्विवेदी ने लीन सिक्स सिगमा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
समापन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं को लीन सिक्स सिगमा व्हाइट बेल्ट के प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं विद्यार्थियों में समस्या समाधान, गुणवत्ता प्रबंधन और आधुनिक तकनीक से जुड़े कौशल विकसित करने में सहायक हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक कौशल प्रदान करना जरूरी है। लीन सिक्स सिगमा जैसी प्रशिक्षण पद्धतियां कार्यप्रणाली को समझने, कमियों की पहचान करने और बेहतर परिणाम हासिल करने में उपयोगी हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि कोटद्वार के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बायोटेक्नोलॉजी विभाग में एक्सीलेंस प्रोसेसिंग सेल स्थापित की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और प्रक्रिया उत्कृष्टता के क्षेत्र में सीखने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
महाविद्यालय के लिए यह भी विशेष उपलब्धि रही कि बायोटेक्नोलॉजी, वनस्पति विज्ञान एवं बी.जे.एम.सी. विभाग के अधिकांश छात्र-छात्राओं ने लीन सिक्स सिगमा व्हाइट बेल्ट प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया।
कार्यशाला का आयोजन एवं संचालन महाविद्यालय के आई.क्यू.ए.सी. समन्वयक डॉ. आर.के. द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) डी.एस. नेगी, प्रो. (डॉ.) ज्योति खरे, प्रो. (डॉ.) इंदु तिवारी, डॉ. मोहन कुकरेती, डॉ. संजय मदान, डॉ. सुमन सिंह सहित प्राध्यापक, प्रतिभागी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्राप्त करने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
