– हरिद्वार 4 अगस्त 2026। धर्मनगरी हरिद्वार में चल रहे कांवड़ मेला-2026 के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार पहुंचे। यहां प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री अलकनंदा होटल पहुंचे, जहां उन्होंने कांवड़ स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने शिवभक्त कांवड़ियों के पैर पखारकर उनका सम्मान किया और अपने हाथों से भोजन परोसकर उनकी सेवा भी की। मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों को संबोधित करते हुए सांसद पप्पू यादव और उनके साथियों पर संत समाज के अपमान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। धामी ने कहा कि साधु-संतों के प्रति इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है और उन्होंने भगवान से पप्पू यादव तथा उनके साथियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की।
-मुख्यमंत्री ने कांवड़ मेले को सफल बनाने में जुटे सफाईकर्मियों और पुलिसकर्मियों का भी सम्मान किया। उन्होंने कर्मचारियों को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर उनकी सेवाओं के लिए उनका उत्साह बढ़ाया। सीएम ने मेले में श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं और उनकी सुविधा एवं सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
