देहरादून 4 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्व. दीपक पुंडीर की स्मृति में बने सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।




मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं मसूरी विधानसभा के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। साथ ही राज्य को पर्यटन, खेल और एडवेंचर गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मसूरी राज्य का प्रमुख पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन है। सरकार सैन्य धाम निर्माण, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक 13 किमी सड़क के उच्चीकरण, गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना, मालदेवता-सुआखोली सड़क सुदृढ़ीकरण, सोलाह गांव विद्युतीकरण तथा सहस्त्रधारा और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्यों पर तेजी से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बिना रुके और बिना थके अपने हर वादे को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और दंगों में सार्वजनिक-निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से वसूली जैसे कानून लागू किए गए हैं। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप नीति, एक जनपद दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहल से युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। राज्य की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है तथा नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर रहा है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर और लक्ष्मण सिंह रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
