देहरादून, 23 जुलाई 2026।
दून पुलिस ने उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के आरोप में शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई की परीक्षा से पहले आरोपी ने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए छात्रों को महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए थे। परीक्षा के बाद प्रश्नों का मिलान करने पर समानता मिली, जिसे विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच में भी सही पाया गया। इसके बाद कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मामले में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार नकल माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती और शैक्षणिक परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि सख्त नकलरोधी कानून के तहत अब तक 100 से अधिक नकल माफियाओं और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
