नई दिल्ली 11 जून 2026। नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की बैठक में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया। उन्होंने हिमालयी राज्यों के लिए जलवायु परिवर्तन, पारिस्थितिकी संरक्षण और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में विशेष नीति समर्थन एवं दीर्घकालिक वित्तीय व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और युवा सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। स्मार्ट क्लास, कौशल आधारित शिक्षा, स्टार्टअप प्रोत्साहन, उद्यमिता विकास और आईटीआई को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने जैसी पहलें युवाओं को रोजगार सृजक बनाने की दिशा में कार्य कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती, बागवानी, औषधीय पौधों, योग-वेलनेस, पर्यटन और ग्रीन एनर्जी को भविष्य के विकास इंजन के रूप में विकसित किया जा रहा है। साथ ही उत्तराखंड को नॉलेज बेस्ड, वेलनेस और सस्टेनेबल इकोनॉमी के राष्ट्रीय मॉडल के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने सुशासन और तकनीकी नवाचार के तहत देवभूमि परिवार पहचान योजना, डिजिटल निगरानी प्रणाली, ऑनलाइन भूमि उपयोग परिवर्तन और महिला सशक्तिकरण से जुड़े सुधारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पीरूल आधारित ऊर्जा उत्पादन जैसे नवाचार पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय रोजगार सृजन में भी सहायक हैं।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके 12 वर्ष के ऐतिहासिक कार्यकाल के लिए बधाई दी तथा उन्हें और नीति आयोग के सदस्यों को अगले वर्ष उत्तराखंड में आयोजित होने वाले कुंभ मेले और नंदा राजजात यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
