देहरादून, 6 जून 2026। उत्तराखंड राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, पिट्ठुवाला में 5 जून 2026 को हुई मारपीट एवं अभद्रता की घटना को लेकर उत्तराखंड पॉलीटेक्निक शिक्षक संघ ने गहरा रोष व्यक्त किया है। संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आज धरना-प्रदर्शन कर घटना की निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संस्थान के छात्र कबीर कंडवाल के पिता महेश कंडवाल, जो उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत बताए जा रहे हैं, ने अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर संस्थान परिसर में स्टाफ के साथ कथित रूप से मारपीट एवं अभद्र व्यवहार किया। इस घटना में संस्थान के कई कर्मचारियों को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के संबंध में संस्थान प्रशासन द्वारा आरोपियों के खिलाफ आईएसबीटी चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है तथा उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
घटना के विरोध में आज उत्तराखंड पॉलीटेक्निक शिक्षक संघ के नेतृत्व में संस्थान के शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
संघ के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन व्यापक आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
