4-5 जून को राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियों का लिया जायजा, कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान।
देहरादून, 31 मई 2026।
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा है कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार के भीतर आपसी तालमेल की कमी साफ दिखाई दे रही है और प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस अवसर का लाभ उठाते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
राहुल गांधी के 4 और 5 जून को प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कुमारी शैलजा रविवार को देहरादून पहुंचीं। उनके साथ कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी मौजूद रहे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ आशारोड़ी में उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ राहुल गांधी की प्रस्तावित बैठकों और कार्यक्रमों के स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत भी मौजूद रहे।
कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को गंभीरता से ले रहे हैं। यही कारण है कि उन्होंने चुनाव से काफी पहले राज्य को दो दिन का समय दिया है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे, उसी दिन पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे तथा 5 जून को देहरादून में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का काम करेगा और यही उत्साह आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत का आधार बनेगा। शैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों की लगातार उपेक्षा कर रही है। राज्य में बेटियों को न्याय नहीं मिल रहा है और बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अल्मोड़ा की जनसभा में इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि पौड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी पूर्व सैनिकों की समस्याओं को सुनेंगे और उनसे संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा पूर्व सैनिकों के सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है तथा राहुल गांधी का उनके बीच पहुंचना गौरव का विषय है।
कुमारी शैलजा ने बताया कि देहरादून में राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला एवं नगर अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों, एआईसीसी और पीसीसी सदस्यों के साथ बैठक कर 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे तथा सुझाव भी प्राप्त करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी का दो दिवसीय दौरा उत्तराखंड कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उनके आगमन से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को मजबूती से उठाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस दौरे से पूर्व सैनिकों को कांग्रेस के साथ जोड़ने में भी मदद मिलेगी।
बैठक को पूर्व मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत तथा चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
