देहरादून, 30 मई 2026।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार के साथ भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह एवं गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखण्ड आगमन से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन उन्हें जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार जनकल्याण और विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। संगठन के सभी कार्यकर्ता सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्यरत हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इससे प्रदेश में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में भाजपा उत्तराखण्ड में विकास और जनसेवा के अपने संकल्प को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी।
