Writing
सड़कों से लेकर पुल निर्माण तक को मिलेगी रफ्तार, पुलिस भवनों और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के उपचार के लिए भी धनराशि स्वीकृत।
देहरादून 14 अक्टूबर 2027 । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों को गति देने के लिए करीब 70 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति को मंजूरी दी है। इसके तहत सड़क सुधार, पुल निर्माण, धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं के विकास, पुलिस भवनों के निर्माण और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के उपचार सहित विभिन्न कार्य किए जाएंगे।
ऊधमसिंह नगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर की अवशेष सड़कों के सुधार के लिए 19.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, गदरपुर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर धर्मशालाओं के निर्माण के लिए 2.67 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
देहरादून के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में आंतरिक सड़कों और नालियों के निर्माण के लिए 76.60 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। चंपावत में मां पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में विश्राम शेड और पुलिया निर्माण के लिए 77.22 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा, गंगोलीहाट में पोखरी-चंडिकाघाट मोटर मार्ग के निर्माण कार्य के पुनरीक्षित आगणन के लिए 5.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
हरिद्वार के लालढांग क्षेत्र में रावासन नदी पर 250 मीटर लंबे पैदल यात्री स्टील ट्रस पुल के निर्माण के लिए 9.34 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। टिहरी के नरेंद्रनगर स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में आवासीय और अनावासीय भवनों के निर्माण के लिए 9.71 करोड़ रुपये, जबकि सल्ट थाने में आवासीय भवन निर्माण के लिए 3.80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उत्तरकाशी के पुरोला क्षेत्र में मोरी-नैटवाड़-जखोल मोटर मार्ग पर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के उपचार के लिए 5.35 करोड़ रुपये तथा दो अन्य भूस्खलन उपचार कार्यों के लिए 14.50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके साथ ही ईको टास्क फोर्स की 10 नर्सरियों में सिंचाई प्रणाली स्थापित करने के लिए 78.50 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
सरकार का कहना है कि इन स्वीकृतियों से प्रदेश में सड़क संपर्क, आधारभूत ढांचे और जनसुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
