आपदा राहत के बराबर मिलेगी अतिरिक्त सहायता, अक्टूबर से दिसंबर तक बिजली बिलों का भुगतान स्थगित
KCC ऋण की अदायगी तीन माह टालने के लिए केंद्र से करेगी अनुरोध।
देहरादून 14 अक्टूबर 2026। ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के बाद धामी सरकार ने प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। कृषि, औद्यानिकी और गन्ने की फसलों को हुए नुकसान पर किसानों को निर्धारित आपदा राहत राशि के बराबर अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही अक्टूबर से दिसंबर तक के बिजली बिलों का भुगतान स्थगित रहेगा। किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण की अदायगी तीन माह टालने के लिए केंद्र सरकार से भी अनुरोध किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को इन फैसलों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त सहायता से फसल नुकसान झेल रहे किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और आगामी कृषि कार्यों को जारी रखने में मदद मिलेगी।
तीन माह बिजली बिलों से राहत
ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने के लिए अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर के बिजली बिलों का भुगतान स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। इससे किसानों पर पड़ने वाला तत्काल आर्थिक बोझ कम होगा।
KCC ऋण पर भी राहत की पहल
राज्य सरकार किसान क्रेडिट कार्ड ऋण की अदायगी तीन माह स्थगित कराने के लिए भारत सरकार के वित्त मंत्रालय को पत्र भेजेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और प्राकृतिक आपदा से पैदा हुई मुश्किलों से उन्हें उबारना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार किसानों की आजीविका सुरक्षित रखने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।
