देहरादून 19 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को सचिवालय में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर बैठक हुई।

मंत्री ने बताया कि सभी जनपदों में ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविरों के साथ केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें मौके पर योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।
शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में मेडिकल कैंप के साथ ट्री प्रोटेक्शन एक्ट और मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। प्रत्येक शिविर कम से कम तीन दिन संचालित होगा। अधिकारियों को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों से अलग स्थानों पर शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
