देहरादून 19 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह समर्पित है। महिलाएं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें, सरकार हर कदम पर उनका साथ देगी।







मुख्य सेवक सदन में शनिवार को आयोजित मातृशक्ति संवाद एवं सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने महिलाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं में कौशल और उद्यमिता विकास के साथ उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री उद्यमशाला जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं और महिला उद्यमियों को आसान ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री सशक्त बहना योजना चलाई जा रही है। वहीं, महिलाओं के विशिष्ट उत्पादों को ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के जरिए बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। देहरादून के सहस्रधारा रोड पर 13 जिलों के महिला समूहों के उत्पादों के लिए बड़ा सेंटर भी विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि महिला समूहों के उत्पादों को मेलों के अलावा एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डों पर भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। ऑनलाइन भी ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के उत्पाद खरीदे जा सकते हैं।
संवाद में भावुक पल
संवाद के दौरान एक महिला लाभार्थी ने बताया कि मुश्किल दौर में स्वयं सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने परिवार को संभाला। उन्होंने बिना गारंटी ऋण को समूहों के लिए मददगार बताते हुए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित गीत प्रस्तुत किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया।
