कृषि मंत्री गणेश जोशी के प्रयास रंग लाए, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मांग को दी मंजूरी।
भारत सरकार जल्द जारी करेगी आधिकारिक पत्र, रबी की बुवाई के बीच किसानों को मिलेगी राहत।
देहरादून 23 नवंबर 2026। उत्तराखंड के किसानों को खाद उपलब्ध कराने की नई ई-टोकन व्यवस्था अब लागू नहीं रहेगी। किसानों को खाद वितरण की पुरानी व्यवस्था के तहत ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। कृषि मंत्री गणेश जोशी के आग्रह पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में नई ई-टोकन व्यवस्था (FFS-Fertilizer Framework) को रद्द करने की मांग स्वीकार कर ली है। इस संबंध में भारत सरकार की ओर से जल्द ही आधिकारिक पत्र जारी किया जाएगा।
दरअसल, प्रदेश में नई ई-टोकन व्यवस्था लागू होने के बाद किसानों को खाद प्राप्त करने में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। रबी फसलों की बुवाई के महत्वपूर्ण समय में किसानों की दिक्कतों को देखते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने इस मामले को गंभीरता से उठाया। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से दूरभाष पर बातचीत करने के साथ ही पत्र भेजकर नई व्यवस्था में शिथिलता देने और पूर्व की भांति खाद उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।
केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा मांग स्वीकार किए जाने पर गणेश जोशी ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। खेती-किसानी के काम में किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत और पंतनगर में किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने कृषि मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर नई ई-टोकन व्यवस्था से किसानों को हो रही समस्याओं से अवगत कराया था। किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कृषि मंत्री ने केंद्र सरकार के समक्ष यह मुद्दा उठाया था। अब केंद्र की सहमति के बाद प्रदेश के किसानों को पुरानी व्यवस्था से खाद मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
