प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में विकसित उत्तराखण्ड के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री।
देहरादून 6 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ से पहले केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है। अनुच्छेद 370 हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम और तीन नए आपराधिक कानूनों जैसे ऐतिहासिक फैसलों से राष्ट्रीय एकता और न्याय व्यवस्था को मजबूती मिली है। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की गई है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलने को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया और पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि 9 नवंबर को उत्तराखण्ड स्थापना के 26 वर्ष पूरे हो रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का सम्मान करते हुए अलग उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार किया था। वर्तमान सरकार प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश में सड़क और हवाई कनेक्टिविटी, पर्यटन, उद्योग, स्वरोजगार और आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। इससे युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ ताकतें विकास के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय भ्रम और टकराव का माहौल बनाने का प्रयास कर रही हैं। लोकतंत्र में सवाल पूछना सभी का अधिकार है, लेकिन अफवाह फैलाना और युवाओं को भड़काना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता विकास, सुशासन और स्थिरता के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हिमाचल प्रदेश का बजट करीब 54 हजार 928 करोड़ रुपये है, जबकि उत्तराखण्ड का बजट एक लाख 11 हजार 703 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गया है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखण्ड ने पहला स्थान हासिल किया है। इसके अलावा पर्यटन, मत्स्य पालन और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिले हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जीएसडीपी लगभग 3 लाख 82 हजार करोड़ रुपये, प्रति व्यक्ति आय करीब 2 लाख 74 हजार रुपये और आर्थिक विकास दर 7.23 प्रतिशत रहने का अनुमान है। ये आंकड़े उत्तराखण्ड की आर्थिक प्रगति को दर्शाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास, सुरक्षा, सुशासन और सामाजिक सद्भाव को प्राथमिकता देते हुए उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेशवासियों से राज्य के विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में सहभागी बनने की अपील की।
