नानीसार और धौलास में भूमि आवंटन को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना, धामी सरकार के निवेश मॉडल का किया बचाव।
रुद्रप्रयाग, 4 नवंबर 2026। भाजपा जिला अध्यक्ष रुद्रप्रयाग भारत भूषण भट्ट ने कांग्रेस के “भूमि बचाओ-धामी हटाओ” अभियान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस भूमि संरक्षण की मुहिम नहीं चला रही, बल्कि अपनी डूबती राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस कांग्रेस के शासनकाल में जमीनों के आवंटन को लेकर गंभीर सवाल उठे, वही आज भूमि संरक्षण की बात कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
भारत भूषण भट्ट ने कहा कि हरीश रावत सरकार के कार्यकाल में नानीसार में 7.061 हेक्टेयर पंचायत भूमि महज 1,200 रुपये सालाना किराये पर 30 साल की लीज पर दी गई थी। इस मामले में विरोध करने वाले 381 लोगों पर मुकदमे दर्ज किए गए। वहीं, धौलास में शैक्षणिक संस्थान के नाम पर ली गई करीब 20 एकड़ जमीन छोटे-छोटे प्लॉटों में विभाजित होकर लगभग 80 खरीदारों तक पहुंच गई। कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल में हुए भूमि आवंटन का रिकॉर्ड सार्वजनिक करना चाहिए, उसके बाद धामी सरकार पर सवाल उठाने चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार एक इंच जमीन भी बेच नहीं रही है। जमीन का मालिकाना हक सरकार के पास ही रहेगा और निवेशकों को केवल निर्धारित अवधि के लिए लीज पर जमीन दी जाएगी। उन्होंने 7,000 बीघा जमीन बेचने के कांग्रेस के आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा कि अब तक केवल तीन बोलियां प्राप्त हुई हैं और किसी को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। भट्ट ने कहा कि धामी सरकार ने करीब 13,000 एकड़ सरकारी जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया है, डिजिटल भूमि रिकॉर्ड तैयार किए हैं और सख्त भू-कानून लागू कर बाहरी लोगों के लिए कृषि भूमि खरीदना कठिन बनाया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड में केवल 14 प्रतिशत भूमि खेती योग्य है और पर्वतीय क्षेत्रों में महज 10 प्रतिशत खेतों तक सिंचाई की सुविधा पहुंच पाती है। ऐसे में वर्षों से बंद पड़ी फैक्ट्रियों, खाली सरकारी भवनों और अनुपयोगी जमीनों पर उद्योग एवं पर्यटन परियोजनाएं विकसित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और पलायन पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में रिकॉर्ड 6.03 करोड़ यात्रियों ने उत्तराखंड का रुख किया। केदारनाथ यात्रा के प्रमुख पड़ाव वाले रुद्रप्रयाग जिले में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से टैक्सी चालकों, होटल-ढाबा संचालकों, दुकानदारों और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए भट्ट ने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस सरकार अडानी समूह के 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का स्वागत करती है, जबकि कर्नाटक में किसानों की 1,777 एकड़ उपजाऊ जमीन एयरोस्पेस पार्क के लिए लेने की योजना बनाई गई थी। इसके बावजूद उत्तराखंड में निवेश का विरोध किया जा रहा है।
उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि जिन जमीनों पर खेती संभव नहीं है और जहां वर्षों से ताले लगे हैं, वहां कांग्रेस रोजगार और विकास चाहती है या फिर ताले लगे रहने देना चाहती है? उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को विरोध की राजनीति नहीं, बल्कि भूमि संरक्षण के साथ निवेश, रोजगार और विकास की जरूरत है।
