राजपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक घर तक पहुंचेगा उत्तराखंड क्रांति दल, रोजगार, पलायन, मूल निवास और भू-कानून जैसे मुद्दों पर करेगा जनसंवाद।
देहरादून 2 नवंबर 2026। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में राजपुर विधानसभा क्षेत्र से उक्रांद प्रत्याशी देव चन्द उत्तराखण्डी ने सोमवार को ‘हर घर चर्चा, हर घर पर्चा’ अभियान का शुभारंभ किया।
अभियान की शुरुआत देहरादून के घंटाघर स्थित पहाड़ के गांधी स्वर्गीय इन्द्रमणि बडोनी के स्मारक पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष भी मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने राज्य आंदोलन के महानायक इन्द्रमणि बडोनी के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उनके सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प लिया।
अभियान के तहत उक्रांद कार्यकर्ता राजपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक घर तक पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान रोजगार, पलायन, मूल निवास, भू-कानून, स्थानीय समस्याओं और उत्तराखंड की अस्मिता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही जनता के सुझाव और समस्याएं सुनकर उन्हें संगठन के सामने रखा जाएगा।
उक्रांद प्रत्याशी देव चन्द उत्तराखण्डी ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाने वाला राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि यह राज्य निर्माण के संघर्ष से निकला आंदोलन है। दल की प्राथमिकता उत्तराखंड के संसाधनों पर प्रदेशवासियों का अधिकार सुनिश्चित करना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर चर्चा, हर घर पर्चा’ अभियान का उद्देश्य केवल चुनाव प्रचार करना नहीं, बल्कि जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं को समझना और विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना है। उक्रांद राज्य निर्माण की मूल अवधारणा, प्रदेश के स्वाभिमान और जनहित के मुद्दों को लेकर घर-घर तक पहुंचेगा।
