3 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी, रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि : मुख्यमंत्री।
देहरादून 31 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रेंजर्स कॉलेज ग्राउंड, देहरादून में अखिल गढ़वाल सभा की ओर से आयोजित उत्तराखंड कौथिक-2026 में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और विरासत के संरक्षण के लिए सभा के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति हमारी पहचान और आत्मा है। लोकभाषा, लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक वेशभूषा, मेले और पर्व हमारी गौरवशाली विरासत के अभिन्न अंग हैं। इन्हें संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। केदारनाथ-बदरीनाथ धाम में पुनर्विकास, सीमांत क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार और धार्मिक पर्यटन को रोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक जनपद-दो उत्पाद’ और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसी योजनाओं से स्थानीय उत्पादों को बाजार और नई पहचान मिल रही है। होम-स्टे, कृषि, बागवानी, पशुपालन और पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘लखपति दीदी’ अभियान के तहत 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। यह स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ने का संकेत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश के श्रेष्ठ राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, अखिल गढ़वाल सभा के पदाधिकारी, लोक कलाकार नरेंद्र सिंह नेगी, संगीता ढोंडियाल, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
