Writing
पुलिस विभाग के सुदृढ़ीकरण और कार्मिकों के कल्याण के लिए आठ घोषणाएं।
पुलिस में 1,600 रिक्त पदों पर जल्द भर्ती, थानों का बजट 4 करोड़ से बढ़ाकर 8 करोड़ रुपये होगा।
देहरादून 21 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पुलिस लाइन, देहरादून में पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए आठ घोषणाएं कीं। उन्होंने उत्तराखण्ड पुलिस में करीब 1,600 रिक्त पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने, थानों और चौकियों में कार्मिकों की व्यवस्था की समीक्षा करने तथा विवेचकों को आधुनिक जांच किट उपलब्ध कराने की घोषणा की। थानों के वार्षिक बजट को 4 करोड़ से बढ़ाकर 8 करोड़ रुपये किया जाएगा।
इसके अलावा पुलिस मॉडर्न स्कूलों को बेहतर बनाने, देहरादून में पुलिसकर्मियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल और मल्टी स्टोरी बैरक बनाने तथा पुलिस अस्पताल के उच्चीकरण की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। नशा और साइबर अपराध जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ाना होगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों के तनाव प्रबंधन और उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं देने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष 785 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति दी गई और नागरिक पुलिस में 1,573 तथा पीएसी में 370 आरक्षियों की भर्ती हुई। पुलिस आवास संतुष्टि दर 18 प्रतिशत से बढ़कर 22 प्रतिशत पहुंच गई है, जिसे 30 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य है।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि राज्य गठन से अब तक उत्तराखण्ड पुलिस के 206 जवान कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए हैं। इस वर्ष पुलिस शहीद कोष से आश्रित परिवारों को करीब 50 लाख रुपये की सहायता दी गई। साथ ही 446 मेधावी बच्चों को 34 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
कार्यक्रम में सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
