पाटनी तिराहे का नाम ‘हनुमान चौक’ करने की घोषणा।
बनबसा (चम्पावत) 18 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा में 11 फीट ऊंची भगवान हनुमान की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने ‘नशामुक्ति सद्भावना दौड़’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने पाटनी तिराहे पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने तिराहे का नाम बदलकर ‘हनुमान चौक’ करने की घोषणा भी की। इस दौरान सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय रहा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नवरात्रि और दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, सुशासन और प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर सैकड़ों एकड़ सरकारी भूमि मुक्त कराई गई है। वहीं, नकल विरोधी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और स्थानीय लोगों से संवाद किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
