राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ, बड़कोट और चिन्यालीसौड़ के महाविद्यालय होंगे उच्चीकृत।
उत्तरकाशी 15 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पुरोला विधानसभा क्षेत्र के बर्नीगाड़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु अभियान के जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने करीब 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 कार्यों का शिलान्यास और 8 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण जल्द शुरू करने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने और बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा की। साथ ही राजकीय महाविद्यालय बड़कोट एवं चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने और डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल एवं सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने 194 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 30 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें पीएमजीएसवाई के 18 कार्यों पर 176.87 करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग पुरोला के पांच कार्यों पर 6 करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के चार कार्यों पर 6.61 करोड़ रुपये और सिंचाई विभाग के तीन कार्यों पर 5.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
वहीं, 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के आठ कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें पीएमजीएसवाई के तीन कार्यों पर 18.76 करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के एक कार्य पर 97 लाख रुपये, समग्र शिक्षा के तीन कार्यों पर 1.25 करोड़ रुपये और माध्यमिक शिक्षा के एक कार्य पर 1.36 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इन योजनाओं से क्षेत्र में सड़क, सिंचाई, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को चेक एवं उपकरण वितरित किए। उन्होंने अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से सरकार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और स्थायी भवन का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। सड़क और अन्य सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण और युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में 3 लाख 10 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिली हैं।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। राज्य सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करने के साथ समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून के जरिए प्रदेश के विकास एवं युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में काम कर रही है।
इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री श्याम डोभाल, पूर्व विधायक मालचंद, ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
