Writing
दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में गांधी पार्क में एक घंटे का मौन उपवास, गणेश गोदियाल बोले—अंकिता को न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष।
देहरादून, 13 अक्टूबर 2026। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच और भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को देहरादून के गांधी पार्क में मौन उपवास एवं सत्याग्रह किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मौन रखकर अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
इस दौरान गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी की भूमिका को लेकर लंबे समय से सवाल उठ रहे हैं, लेकिन अब तक इनका संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले की सीबीआई जांच कराने की घोषणा की थी, लेकिन जांच की प्रगति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। कांग्रेस की मांग है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए।
गोदियाल ने दुष्यंत कुमार गौतम को राज्यपाल बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस फैसले से प्रदेश की जनता के मन में संदेह पैदा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक पद पर नियुक्ति के जरिए जांच और संभावित कानूनी कार्रवाई से बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से नियुक्ति पर पुनर्विचार करने और इस मामले में उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड केवल एक बेटी की हत्या का मामला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता और मातृशक्ति के सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं मानती और यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। जब तक हत्याकांड से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं मिलता और कथित वीवीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक पार्टी अपना आंदोलन जारी रखेगी।
मौन सत्याग्रह में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, लालचंद शर्मा, आलोक शर्मा, अश्विनी बहुगुणा, गोदावरी थापली, सुजाता पॉल, जयेन्द्र रमोला, नवीन जोशी, गरिमा दसौनी, डॉ. प्रतिमा सिंह, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, जिलाध्यक्ष संजय किशोर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

