‘
देहरादून 8 अक्टूबर 2026। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि पर उनकी देहरादून से जुड़ी स्मृतियां एक बार फिर याद की गईं। डॉ. अतुल शर्मा ने कहा कि जयप्रकाश नारायण केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि क्रांति के शोधक थे। उन्होंने आपातकाल के दौर में युवाओं का नेतृत्व करते हुए ‘सम्पूर्ण क्रांति’ का आह्वान किया और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
स्वाधीनता सेनानी और राष्ट्रीय कवि श्रीराम शर्मा ‘प्रेम’ की पंक्तियां— “उठो और उलटी धारा को मोड़ो, बंधी है जो चरण करोड़ों उनको मोड़ो”—आज भी संघर्ष और परिवर्तन की प्रेरणा देती हैं। वहीं रामधारी सिंह दिनकर की प्रसिद्ध पंक्ति “सिंहासन खाली करो कि जनता आती है” भी जेपी आंदोलन की भावना को स्वर देती है। कवि गोपालदास ‘नीरज’ ने भी जयप्रकाश नारायण पर हुए लाठीचार्ज को लेकर लिखा था— “लाठी जो जयप्रकाश पे पड़ी, वो कालिख बनके देश के माथे पे लगी है।”
डॉ. अतुल शर्मा ने बताया कि सत्तर के दशक में पौड़ी की यात्रा के दौरान जयप्रकाश नारायण देहरादून पहुंचे थे। उस दौरान नगर पालिका मैदान में उनकी ऐतिहासिक जनसभा हुई थी, जिसके वे स्वयं गवाह रहे हैं। उन्होंने बताया कि सभा के दौरान जयप्रकाश नारायण ने कहा था कि सबसे पहले कविवर श्रीराम शर्मा ‘प्रेम’ की कविता सुनी जाएगी।
इसके बाद श्रीराम शर्मा ‘प्रेम’ ने अपनी कविता सुनाई— “तुम स्वतंत्रता के लिए लड़े, मिल गई तुम्हें; अब समानता के लिए लड़ो, मिल जाएगी।” यह पंक्तियां उस दौर के सामाजिक सरोकार और समानता की लड़ाई को स्पष्ट रूप से सामने रखती हैं।
डॉ. शर्मा ने बताया कि जयप्रकाश नारायण और श्रीराम शर्मा ‘प्रेम’ के बीच बेहद निकट संबंध था। वर्ष 1946 में देहरादून से प्रकाशित श्रीराम शर्मा ‘प्रेम’ के पहले कविता संग्रह ‘अंगारे’ की भूमिका भी जयप्रकाश नारायण ने लिखी थी। उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण का जीवन संघर्ष, लोकतंत्र और सामाजिक परिवर्तन की प्रेरणा देता है और उनकी देहरादून से जुड़ी ये स्मृतियां आज भी लोगों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
