देहरादून 6 अक्टूबर 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखंड के पूर्ण साक्षर राज्य बनने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान की परीक्षा सफलतापूर्वक पास करने वाले नव-साक्षरों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के देश का छठवां पूर्ण साक्षर राज्य बनने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों, विद्यार्थियों, नव-साक्षरों, स्वयंसेवकों और अभियान से जुड़े लोगों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। मिजोरम, गोवा, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम के बाद उत्तराखंड यह उपलब्धि हासिल करने वाला देश का छठवां राज्य बना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने और हस्ताक्षर करने तक सीमित नहीं है। अब डिजिटल और वित्तीय साक्षरता, स्वास्थ्य जागरूकता और जीवन कौशल को भी बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पूर्ण साक्षरता मंजिल नहीं, बल्कि नई शुरुआत है।
शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने में करीब 25 हजार स्वयंसेवकों ने योगदान दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की पहुंच हर बच्चे तक सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, जिस गांव में एक भी बच्चा पढ़ने वाला होगा, वहां विद्यालय बंद नहीं किया जाएगा।
