खटीमा 4 अक्टूबर 2026।
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने खटीमा के एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल के विस्तार और सुविधाओं के लिए करीब 10 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हॉस्टल का टेंडर पूरा हो चुका है और जल्द निर्माण शुरू होगा। विद्यालय में 240 बालक और 240 बालिकाओं समेत कुल 480 विद्यार्थियों के अध्ययन की क्षमता होगी।
जुएल ओराम ने कहा कि 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के कार्यकाल में जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया था। केंद्र सरकार थारू, बोक्सा, जौनसारी समेत विभिन्न जनजातीय समुदायों के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने खटीमा एकलव्य विद्यालय के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम की भी सराहना की।
जनजातीय संस्कृति को संरक्षित करने पर जोर
केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने उत्तराखंड की जनजातीय विविधता और सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी समेत विभिन्न जनजातीय समुदाय राज्य की पहचान को समृद्ध करते हैं।
रिजिजू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद जनजातीय समाज के कल्याण और उनकी पहचान को नई प्राथमिकता मिली है। बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने और पीएम-जनमन जैसी योजनाओं के जरिए दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय प्रतिनिधियों और कलाकारों का स्वागत करते हुए सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखने का आह्वान किया।
विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मिजोरम और उत्तर प्रदेश से आए जनजातीय कलाकारों ने लोक नृत्य, संगीत और पारंपरिक कला की प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, प्रदीप बत्रा, खजान दास समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
