देहरादून, 3 अक्टूबर 2026। इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ–वोट बचाओ’ अभियान चलाने का ऐलान किया है। अभियान के तहत जिला, शहर और ब्लॉक स्तर पर संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गठबंधन नेताओं ने मतदाता सूची से हटाए गए नामों की समीक्षा, पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़ने और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
संयुक्त प्रेस वार्ता में डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने अभियान की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि 8 अक्टूबर को देहरादून में गांधी पार्क से मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान मतदाता अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
सीपीएम के राज्य सचिवालय सदस्य लेखराज ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल इस मुद्दे पर एकजुट होकर संघर्ष करेंगे। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर आपत्ति जताते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में जवाबदेही तय करने की मांग की।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष सुजाता पॉल ने कहा कि मतदाता के अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। वहीं, CPI के जिला सचिव विक्रम सिंह पुन्डीर ने कहा कि 8 अक्टूबर के कार्यक्रम में कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दल शामिल होंगे और जिला, शहर व ब्लॉक स्तर पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
कांग्रेस प्रवक्ता एवं इंडिया गठबंधन संयोजक शीशपाल बिष्ट ने ECI-NET सॉफ्टवेयर को लेकर सवाल उठाते हुए निर्वाचन आयोग से चुनावी प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली तकनीकी व्यवस्था पर उठ रही आपत्तियों का सार्वजनिक और स्पष्ट जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।
प्रेस वार्ता में सीपीएम के राज्य समिति सदस्य हिमांशु चौहान, समाजवादी पार्टी की फहमीदा बानो और हेमा बोरा समेत अन्य नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर संयुक्त कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।
