देहरादून 27 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 138वां संस्करण सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों के सकारात्मक प्रयासों और उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच देने के साथ ही राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों का उल्लेख प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम में चमोली के माणा गांव में 83 वर्षीय पूर्णिमा रावत से जनगणना की शुरुआत और उत्तरकाशी के बगोरी गांव के होमस्टे संचालक हरदेव सिंह राणा द्वारा डिजिटल माध्यम से स्व-गणना का उल्लेख किया गया।
धामी ने कहा कि माणा और बगोरी जैसे सीमांत गांवों के उदाहरण डिजिटल जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में लोगों की भागीदारी को दर्शाते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से जनगणना में सही जानकारी दर्ज कराने और राष्ट्रीय दायित्व में सहयोग की अपील की।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूरे होने, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे विषयों पर भी जनभागीदारी का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इन संदेशों को आत्मसात कर विकसित उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
