रुद्रप्रयाग 25 सितंबर 2026। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने की। इस अवसर पर जिले के सभी मंडल मुख्यालयों और बूथों पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला कार्यालय में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट की मौजूदगी में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए। इसके बाद गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने ‘अंत्योदय’ और ‘एकात्म मानववाद’ के माध्यम से ऐसी विकास दृष्टि प्रस्तुत की, जिसमें समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण को प्राथमिकता दी गई।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, त्याग और सिद्धांतों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का उदाहरण है। उनके विचार आज भी राष्ट्रहित और जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को आचरण में उतारते हुए संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के कार्यों में निरंतर जुटे रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी सतीश लखेड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, राज्य मंत्री विजय कप्रवान, चंडी प्रसाद भट्ट, ओमप्रकाश भट्ट, जिला महामंत्री अरुण चमोली, राय सिंह राणा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अजय सेमवाल, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, सैन सिंह बिष्ट, शशि नेगी, जिला मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल, जिला उपाध्यक्ष पार्वती गोस्वामी, अमित प्रदाली समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
