देहरादून, /नई दिल्ली 18 सितंबर 2026। उत्तराखंड शासन में सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक कुमार ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित मलेशिया गणराज्य के उच्चायोग में चार्ज डी अफेयर्स शरीफा एज्नीदा वफा से भेंट की। इस दौरान भारत और मलेशिया के बीच संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार के साथ ही द्विपक्षीय सांस्कृतिक, धार्मिक, आध्यात्मिक और भाषाई संबंधों को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में सचिव दीपक कुमार ने उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार और संस्कृत संस्थानम के माध्यम से मलेशिया के विश्वविद्यालयों एवं सांस्कृतिक संस्थानों के साथ मिलकर कार्य करने के लिए आठ बिंदुओं की कार्ययोजना प्रस्तुत की। इसमें रामायण और संस्कृत के माध्यम से दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना, विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों और प्रोफेसरों के एक्सचेंज कार्यक्रम, वाल्मीकि रामायण और मलेशिया की ‘हिकायत सेरी रामा’ का तुलनात्मक अध्ययन तथा दक्षिण-पूर्व एशिया में रामायण को भारत-मलेशिया की साझा विरासत के रूप में अध्ययन करना शामिल है।
इसके अलावा मलेशिया में भारतीय डायस्पोरा समुदाय की सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में भूमिका और उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय अथवा संस्कृत संस्थानम में मलेशिया के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस आयोजित करने पर भी चर्चा हुई।
सचिव दीपक कुमार ने उत्तराखंड सरकार की ओर से संस्कृत एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और प्रसार के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भावना और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप देवभाषा संस्कृत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य कर रही है।
मलेशियाई चार्ज डी अफेयर्स शरीफा एज्नीदा वफा ने प्रस्तावित विषयों को महत्वपूर्ण बताते हुए भारतीय विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर कार्य करने में रुचि जताई। उन्होंने उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार से एक कॉन्सेप्ट नोट तैयार कर इस दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने उत्तराखंड में बदरीनाथ-केदारनाथ सहित चारधाम होने और संस्कृत को द्वितीय राजभाषा का दर्जा प्राप्त होने पर भी प्रसन्नता व्यक्त की।
बैठक में उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार की ओर से प्रो. (डॉ.) अरविंद नारायण मिश्र तथा मलेशिया उच्चायोग के फर्स्ट सेक्रेटरी (पॉलिटिकल) अहमद रादजी मोहम्मद जिम भी मौजूद रहे।



