पिथौरागढ़ 18 सितंबर 2026। जनपद प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने कलेक्ट्रेट सभागार में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले “आंगन का मिलन” कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि अभियान के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री पोषण अभियान, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना और महालक्ष्मी किट सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ लाभार्थियों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने विभिन्न विभागों के शिविर लगाने, कार्यक्रमों की फोटो-वीडियोग्राफी कराने और प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों से कहा कि कोई भी आंगनबाड़ी केंद्र अभियान से अछूता न रहे।
बैठक में जिलाधिकारी आशीष भटगाईं, एसपी अक्षय प्रहलाद कोंडे, सीडीओ दीपक सैनी, डीपीओ निर्मल सिंह बसेड़ा सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
