देहरादून 17 सितंबर 2026।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर हरिपुर कालसी में यमुना तट आस्था और संस्कृति के रंग में नजर आया। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में 2100 दीपों से यमुना तट रोशन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साधु-संतों और श्रद्धालुओं के साथ मां यमुना की आरती में हिस्सा लिया। इस दौरान मां यमुना की प्रतिमा का अनावरण और हरिघाट का लोकार्पण किया गया। साथ ही एमडीडीए की ओर से 7.52 करोड़ रुपये की लागत से विकसित स्नान घाट जनता को समर्पित किया गया और मां यमुना कृष्ण मंदिर का शिलान्यास हुआ।
170 मीटर लंबा आधुनिक स्नान घाट
एमडीडीए ने यमुना तट पर 170 मीटर लंबे और 15 मीटर चौड़े स्नान घाट का निर्माण किया है। घाट पर आरसीसी सुरक्षा दीवारें, प्लेटफॉर्म, सीढ़ियां और चार आरती स्थल बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 25 सोलर लाइटें, 12 बेंच, शेड, शौचालय, चेंजिंग रूम और पेयजल की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए करीब 300 मीटर लंबी एसएस रेलिंग और चेन भी लगाई गई है।
पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
एमडीडीए अधिकारियों के मुताबिक, नए घाट से हरिपुर कालसी में अब नियमित रूप से मां यमुना की आरती के आयोजन की सुविधा मिलेगी। धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले इस क्षेत्र में बेहतर सुविधाओं से श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ने की उम्मीद है।
